कटरा-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू: अब ट्रेन से कश्मीर पहुंचना भी हुआ आसान और सुरक्षित
पहली बार आम लोगों के लिए शुरू हुई वंदे भारत सेवा
कटरा से श्रीनगर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस की नियमित सेवा अब आम लोगों और पर्यटकों के लिए भी शुरू कर दी गई है। शनिवार को इस हाई-स्पीड ट्रेन ने यात्रियों से भरे डिब्बों के साथ कटरा से अपनी यात्रा शुरू की। यह ट्रेन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुक्रवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई थी। अब लोग बिना किसी डर के आराम से कश्मीर तक ट्रेन में सफर कर सकते हैं।

यात्रियों ने कहा – यह सपना था, जो अब सच हो गया
इस ऐतिहासिक ट्रेन सेवा में यात्रा करने वाले यात्रियों ने बताया कि यह अनुभव अविस्मरणीय और भावनात्मक रहा। एक युवा यात्री ने कहा, “हमने कभी सोचा नहीं था कि कश्मीर जैसे क्षेत्र तक ट्रेन से पहुंचा जा सकेगा। यह सपना सच करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद। हमें हमारे सुरक्षा बलों पर गर्व है, जिनकी मेहनत से यह सब संभव हो पाया है।”
ट्रेन से अब पर्यटन को भी नई ताकत मिलेगी और स्थानीय लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
महिलाएं और युवा यात्रियों ने जताई खुशी और भरोसा
कई महिलाएं और युवा यात्री पहली बार इस रूट पर ट्रेन से सफर कर रहे थे और सभी ने सुरक्षा व्यवस्था और सुविधाओं की सराहना की। राधिका नाम की एक महिला ने कहा, “मैं पहली बार वंदे भारत से श्रीनगर जा रही हूं। यह सफर बहुत सुंदर और आरामदायक रहा। बाहर का नज़ारा बहुत मनमोहक है। मुझे कहीं कोई डर महसूस नहीं हुआ, बल्कि गर्व हुआ कि मैं देश के इस हिस्से में ट्रेन से यात्रा कर रही हूं।”
कानपुर से आई एक अन्य यात्री भक्ति ने कहा कि अब सड़क की परेशानियों से छुटकारा मिल गया है और सफर पहले से ज्यादा आसान हो गया है।
लोको पायलट ने बताया इसे गौरव का पल
इस ट्रेन के पहले चालक मनोज यादव ने कहा कि यह उनके लिए गौरव का पल है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री का जो सपना था, वह आज साकार हुआ है। जब हमने ट्रेन को पहली बार कश्मीर की ओर रवाना किया, तो हर कोच में उत्साही यात्री मौजूद थे। उनका उत्साह और भरोसा देखकर बहुत अच्छा लगा।”
उन्होंने सभी यात्रियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि अब जम्मू-कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने की दिशा में यह बड़ा कदम साबित होगा।
