अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा और अक्षय कुमार की भांजी सिमर भाटिया फिल्म ‘इक्कीस’ से करेंगे बड़े पर्दे पर धमाकेदार एंट्री
2 अक्टूबर 2025 को होगी रिलीज, निर्देशन करेंगे श्रीराम राघवन
बॉलीवुड में एक नई फ्रेश जोड़ी की एंट्री होने जा रही है। सुपरस्टार अक्षय कुमार की भांजी सिमर भाटिया और अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा अब बड़े पर्दे पर पहली बार साथ नजर आएंगे। दोनों युवा सितारे फिल्म ‘इक्कीस’ के जरिए अपने अभिनय का जलवा दिखाने को तैयार हैं। यह फिल्म 2 अक्टूबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इसकी घोषणा के साथ ही फैंस के बीच उत्साह देखने को मिल रहा है।
फिल्म ‘इक्कीस’ को प्रसिद्ध निर्देशक श्रीराम राघवन बना रहे हैं, जिन्होंने ‘अंधाधुन’, ‘बदलापुर’ और ‘जॉनी गद्दार’ जैसी थ्रिलर फिल्मों से अपनी खास पहचान बनाई है। फिल्म का निर्माण दिनेश विजन की कंपनी मैडॉक फिल्म्स कर रही है, जिसका नाम अच्छी कहानियों वाली फिल्मों के लिए जाना जाता है।
लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल की वीरता को करेगा सलाम
‘इक्कीस’ की कहानी भारतीय सेना के सेकेंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल की जिंदगी पर आधारित है, जिन्होंने 1971 के भारत-पाक युद्ध में असाधारण बहादुरी दिखाई थी। मात्र 21 साल की उम्र में शहीद होने वाले अरुण खेत्रपाल को भारत सरकार द्वारा परम वीर चक्र से सम्मानित किया गया था। वह भारत के सबसे कम उम्र के परमवीर चक्र प्राप्तकर्ता बने थे। यह फिल्म उनकी बहादुरी और त्याग को बड़े पर्दे पर दिखाएगी और आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा देगी।
सिमर का डेब्यू, अगस्त्य की पहली थियेट्रिकल फिल्म
जहां यह फिल्म सिमर भाटिया के लिए बॉलीवुड डेब्यू है, वहीं अगस्त्य नंदा इससे पहले नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘द आर्चीज’ में नजर आ चुके हैं। हालांकि ‘द आर्चीज’ को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी और उसे सोशल मीडिया पर ट्रोल भी किया गया था। अब अगस्त्य के फैंस उन्हें थिएटर में देखने के लिए उत्साहित हैं, खासकर एक गंभीर और प्रेरणादायक कहानी में।
सिमर भाटिया अक्सर अपने ग्लैमरस लुक और सोशल मीडिया एक्टिविटी को लेकर सुर्खियों में रहती हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि वह अपने पहले ही प्रोजेक्ट में कितनी दमदार एक्टिंग दिखाती हैं।
धर्मेंद्र और जयदीप अहलावत भी होंगे फिल्म में
फिल्म की कास्टिंग भी बेहद खास है। अगस्त्य और सिमर के अलावा वेटरन एक्टर धर्मेंद्र और बेहतरीन एक्टर जयदीप अहलावत भी फिल्म में अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इन अनुभवी कलाकारों की मौजूदगी फिल्म को और भी मजबूत बनाएगी।
‘इक्कीस’ से जुड़ी जानकारी सामने आने के बाद दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। यह सिर्फ एक बायोपिक नहीं, बल्कि उन जवानों को श्रद्धांजलि है जिन्होंने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। अब सभी की निगाहें इस फिल्म पर टिकी हैं, जो न सिर्फ एंटरटेन करेगी बल्कि देशभक्ति की भावना भी जगाएगी।
