भारत के दो शांति सैनिकों को मिलेगा मरणोपरांत अंतरराष्ट्रीय सम्मान, संयुक्त राष्ट्र करेगा सलाम
UN शांति मिशन में वीरगति को प्राप्त हुए थे ब्रिगेडियर जनरल अमिताभ झा और हवलदार संजय सिंह
संयुक्त राष्ट्र (UN) की ओर से इस बार भारत के दो बहादुर शांति सैनिकों को मरणोपरांत अंतरराष्ट्रीय सम्मान से नवाजा जाएगा। ये सैनिक संयुक्त राष्ट्र के अंतर्गत शांति मिशन में सेवा देते हुए वीरगति को प्राप्त हुए थे।
इन जांबाजों के नाम ब्रिगेडियर जनरल अमिताभ झा और हवलदार संजय सिंह हैं। ब्रिगेडियर झा ने यूएन डिसएंगेजमेंट ऑब्जर्वर फोर्स (UNDOF) में सेवा दी, जबकि हवलदार संजय सिंह कांगो में MONUSCO मिशन में तैनात थे।
29 मई को मिलेगा सम्मान
इन दोनों सैनिकों को 29 मई को ‘अंतरराष्ट्रीय संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिक दिवस’ के मौके पर ‘डैग हैमरशॉल्ड पदक’ से मरणोपरांत सम्मानित किया जाएगा। ये कार्यक्रम संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में होगा। इस साल शांति सैनिक दिवस की थीम है – “शांति स्थापना का भविष्य”।
भारत का बड़ा योगदान
भारत हमेशा से ही संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। भारत इस समय संयुक्त राष्ट्र को सैन्य कर्मियों की संख्या के हिसाब से चौथा सबसे बड़ा योगदानकर्ता देश है। वर्तमान में 5,300 से अधिक भारतीय सैन्य और पुलिसकर्मी अफ्रीका और पश्चिम एशिया के कई देशों में शांति बनाए रखने के कार्यों में लगे हुए हैं, जैसे – दक्षिण सूडान, कांगो, सोमालिया, लेबनान आदि।
गुटेरेस देंगे श्रद्धांजलि
इस खास मौके पर संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस खुद एक कार्यक्रम की अगुवाई करेंगे। इस कार्यक्रम में वह 1948 से अब तक ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले 4,400 से ज्यादा शांति सैनिकों को श्रद्धांजलि देंगे। साथ ही, पिछले साल शहीद हुए 57 शांति सैनिकों को भी मरणोपरांत सम्मान दिया जाएगा।
