दिल्ली में मौसम का बदला मिजाज: बारिश और आंधी का ऑरेंज अलर्ट, तेज हवाओं से बढ़ी चिंता
तेज हवाएं 70 KM प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी, लोगों को घर में रहने की सलाह
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मौसम ने करवट ले ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इस चेतावनी के मुताबिक, 30 मई से 2 जून के बीच तेज आंधी, गरज और बारिश की संभावना जताई गई है। हवाएं 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। अगले पांच दिनों में तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। अनुमान है कि अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें और बारिश से बचाव के लिए छतरी या रेनकोट अपने पास रखें। घर में रह रहे लोगों को इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को अनप्लग करने की सलाह दी गई है ताकि बिजली गिरने या अचानक शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं से बचा जा सके।
विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने, होर्डिंग्स टूटने या ट्रैफिक जाम जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
बीते दिनों में गर्मी और उमस ने किया बेहाल
दिल्ली में बीते दो दिनों से उमस और गर्मी ने लोगों को खासा परेशान किया। हालांकि गुरुवार को तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। IMD के अनुसार, 29 मई को अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक रहा। सापेक्षिक आर्द्रता 63 से 49 प्रतिशत के बीच रही, जिससे उमस का एहसास और ज्यादा हुआ।
दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में
तेजी से बदलते मौसम के बीच दिल्ली की वायु गुणवत्ता पर भी नजर रखना जरूरी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, गुरुवार शाम 5 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 173 दर्ज किया गया। यह स्तर ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। AQI स्केल के अनुसार, 101 से 200 के बीच का स्तर मध्यम माना जाता है, जो संवेदनशील लोगों के लिए थोड़ी परेशानी पैदा कर सकता है।
