बांद्रा स्थित बंगले में ईडी की छापेमारी
बॉलीवुड एक्टर और ‘हाउसफुल-5’ फेम डिनो मोरिया के घर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने शुक्रवार सुबह छापा मारा। ये रेड मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित उनके घर पर हुई, जहां फिलहाल ईडी की जांच चल रही है।
65 करोड़ के मीठी नदी घोटाले से जुड़ा मामला
ईडी की ये कार्रवाई मीठी नदी से गाद निकालने के नाम पर हुए 65 करोड़ रुपये के घोटाले से जुड़ी बताई जा रही है। जांच एजेंसी को शक है कि 2007 से 2021 के बीच सफाई के नाम पर फर्जी भुगतान हुआ और टेंडरों में हेरफेर कर बीएमसी को भारी नुकसान पहुंचाया गया।
डिनो मोरिया के साथ BMC अधिकारी भी जांच के घेरे में
डिनो मोरिया के अलावा BMC के सहायक अभियंता प्रशांत रामुगाड़े और कुछ ठेकेदारों के घर भी रेड डाली गई है। बताया गया है कि ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध शाखा) पहले ही डिनो से दो बार पूछताछ कर चुकी है।

ईडी जब्त दस्तावेजों की कर रही जांच
ईडी अब छापेमारी में जब्त किए गए वित्तीय दस्तावेजों और डिजिटल डेटा की समीक्षा कर रही है ताकि मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े सबूत जुटाए जा सकें। ये कार्रवाई पीएमएलए (धन शोधन निवारण अधिनियम) के तहत हो रही है।
फिल्म रिलीज के दिन ही रेड, संयोग या साजिश?
दिलचस्प बात ये है कि डिनो मोरिया की नई फिल्म ‘हाउसफुल-5’ आज ही यानी शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। ऐसे दिन उनके घर छापेमारी होना फिल्मी संयोग जैसा लग रहा है। फिल्म के प्रमोशन के दौरान वे कई बार अक्षय कुमार और अन्य स्टार्स के साथ देखे गए थे।
कौन हैं डिनो मोरिया?
डिनो एक जाने-माने मॉडल और एक्टर हैं। उन्होंने 1998 में फिल्म ‘जंगली लव स्टोरी’ से अपने करियर की शुरुआत की और 2002 में आई फिल्म ‘राज’ से उन्हें बड़ी पहचान मिली। अब तक वो 50 से ज्यादा फिल्म और टीवी शोज़ में काम कर चुके हैं।
