भारत के जल फैसले से तिलमिलाया पाकिस्तान, बिलावल भुट्टो ने दी परमाणु युद्ध की धमकी
सिंधु जल संधि सस्पेंड करने पर भड़के बिलावल, बोले- “पानी काटना युद्ध की कार्रवाई है”
भारत द्वारा सिंधु जल संधि को सस्पेंड किए जाने के फैसले से पाकिस्तान बौखला गया है। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के चेयरमैन और पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी ने अब परमाणु युद्ध तक की धमकी दे डाली है। इस वक्त अमेरिका में मौजूद बिलावल ने वॉशिंगटन के मिडल ईस्ट इंस्टीट्यूट में कहा कि भारत की यह कार्रवाई सीधे-सीधे युद्ध की घोषणा है।
अमेरिका में बिलावल ने भारत के खिलाफ उगला जहर, कहा- “यह हमारे अस्तित्व का संकट”
उन्होंने आरोप लगाया कि भारत सिंधु जल संधि का उल्लंघन कर पाकिस्तान की पानी की सप्लाई रोक रहा है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि कोई भी देश अपने पानी और अस्तित्व के लिए लड़ेगा। यह सिर्फ राष्ट्रवाद नहीं, बल्कि जिंदा रहने का सवाल है।
बिलावल ने अमेरिका समेत अन्य देशों से अपील की कि वे भारत पर दबाव बनाएं ताकि वह इस संधि का पालन करे। उन्होंने कहा कि अगर भारत से भविष्य में कोई नई बातचीत या समझौता होना है तो उसे पहले पुरानी संधियों का सम्मान करना होगा।

पाकिस्तान ने शिमला समझौता और भारत के साथ सभी समझौते स्थगित करने का लिया फैसला
बिलावल ने यह भी बताया कि 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा, जिसके बाद भारत ने सिंधु जल संधि को सस्पेंड कर दिया। इसके जवाब में पाकिस्तान ने भी भारत के साथ सभी द्विपक्षीय समझौतों को रोकने का अधिकार लेने की बात कही है। पाकिस्तान ने अटारी-वाघा बॉर्डर को बंद करने और व्यापार को भी निलंबित करने का ऐलान किया है।
गौरतलब है कि सिंधु जल संधि 1960 में वर्ल्ड बैंक की मध्यस्थता से भारत और पाकिस्तान के बीच हुई थी। इसमें भारत को रावी, ब्यास और सतलुज नदियों का पानी मिला था, जबकि पाकिस्तान को सिंधु, झेलम और चिनाब नदियों का। अब भारत के सख्त रुख ने पाकिस्तान को गंभीर जल संकट में डाल दिया है।
