कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में भव्य किसान मेले का समापन, सांसद नवीन जिन्दल की पहल को मिली सराहना
प्रगतिशील किसानों व स्टार्टअप उद्यमियों को सम्मानित कर प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की महत्वाकांक्षी योजना का किया आगाज़
नवीन जिन्दल फाउंडेशन और इरमा आईसीड के संयुक्त तत्वावधान में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कैंपस में आयोजित तीन दिवसीय किसान मेले का समापन आज धूमधाम से हुआ। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय सांसद नवीन जिन्दल के सतत प्रयासों की प्रसंशा की गई।
समारोह में बोलते हुए तेजिंदर सिंह गोल्डी ने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल ने अपने पिता स्व. ओपी जिन्दल की विरासत को आगे बढ़ाते हुए ग्रामीण और कृषि कल्याण से जुड़े विविध प्रोजेक्ट्स में सक्रिय योगदान दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में इन पहलों से किसान समुदाय को राहत एवं समृद्धि दोनों हासिल होंगी।
मुख्यमंत्री कार्यालय प्रभारी कैलाश सैनी ने अपनी बात में प्राकृतिक खेती को अपनाने की इस पहल को मील का पत्थर बताते हुए कहा कि यह मॉडल भविष्य में व्यापक स्तर पर किसानों के लाभ हेतु मार्गदर्शक सिद्ध होगा।
समापन समारोह में नवीन जिन्दल टीम के सदस्यों, कृषि विभाग के अधिकारियों, विशेषज्ञों, प्रगतिशील किसानों, युवा स्टार्टअप प्रतिनिधियों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने भाग लिया। समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किसानों, स्वयं सहायता समूहों और नवाचार कर रहे स्टार्टअप्स को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
नवीन जिन्दल के मीडिया सलाहकार डॉ. राज कुमार ने मेले की उपलब्धियों का ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए प्राकृतिक कृषि योजनाओं के अगले चरणों की रूपरेखा प्रकट की। उन्होंने बताया कि यह किसान मेला किसानों के सशक्तिकरण और प्राकृतिक खेती के प्रसार के लिए पहला महत्वपूर्ण पड़ाव था, और आने वाले महीनों में कई नए कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू होगी।
कार्यक्रम में हरियाणा तालाब प्राधिकरण के सदस्य तेजिंदर बिडलान, कृषि विभाग के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. करमचंद, नवीन जिन्दल फाउंडेशन के धर्मवीर सिंह, कर्नल अरुण चंदेल, मनीष मिश्रा, सुदीप द्विवेदी, अमित रांगटा, कृष्मन सिंह, डॉ. आबिद अली, भूषण पाल मंगला, राहुल ढींगरा, राजेश सिंहमार, आकाश राणा, पिहोवा हल्का इंचार्ज जीत राम सहित अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे।
