शिकागो में भारतीय-अमेरिकी समाजसेवी रीता सिंह और फैशन डिज़ाइनर सब्यसाची मुखर्जी की मुलाकात, भारतीय संस्कृति को विश्व मंच पर ले जाने पर हुई चर्चा
प्रेस विज्ञप्ति
शिकागो, 10 मई 2025 – भारतीय मूल की प्रतिष्ठित अमेरिकी समाजसेवी और उद्यमी रीता सिंह ने शुक्रवार को अमेरिका के शिकागो शहर में भारत के सुप्रसिद्ध फैशन डिज़ाइनर सब्यसाची मुखर्जी से सौहार्दपूर्ण मुलाकात की। यह संवाद भारतीय परंपरा, संस्कृति और सृजनात्मकता को वैश्विक मंच पर सशक्त बनाने की साझा सोच को लेकर हुआ।
हाल ही में 2025 मेट गाला जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फैशन इवेंट में अपने विशिष्ट डिज़ाइनों के लिए दुनियाभर में सराहे गए सब्यसाची मुखर्जी भारतीय पारंपरिक परिधानों और शिल्प को समकालीन रूप देकर अंतरराष्ट्रीय पहचान दिला रहे हैं। वहीं, रीता सिंह न केवल WE (Women’s Empowerment) Chicago की संस्थापक हैं, बल्कि Federation of Indian Associations (FIA) की सक्रिय सदस्य भी हैं। वे वर्षों से भारतीय-अमेरिकी समुदाय, विशेषकर महिलाओं को सशक्त बनाने और भारतीय विरासत को सम्मान दिलाने की दिशा में कार्यरत हैं।
मुलाकात के बाद रीता सिंह ने कहा,
“सब्यसाची जी से मिलना मेरे लिए एक प्रेरणादायक अनुभव था। उन्होंने भारतीय कला और परंपरा को जिस गरिमा और नवीनता के साथ वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत किया है, वह सराहनीय है। हमारी बातचीत में भारतीय पहचान, महिलाओं के सशक्तिकरण और सांस्कृतिक साझेदारी जैसे अहम विषयों पर सकारात्मक विचार साझा किए गए।”
दोनों ने इस बात पर सहमति जताई कि भारतीय संस्कृति और विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और भारतीय महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अधिक दृश्यता दिलाने के लिए मिलकर काम किया जाना चाहिए। उन्होंने भविष्य में संयुक्त प्रयासों की संभावना पर भी चर्चा की।
यह मुलाकात भारतीय मूल के नागरिकों के लिए एक प्रेरणा है कि संस्कृति, कला और सामाजिक विकास मिलकर वैश्विक स्तर पर कैसे बदलाव ला सकते हैं।
