पोलो खेलते वक्त चल बसी जान: संजय कपूर के आखिरी शब्द थे – "मैंने कुछ निगल लिया है"
इंग्लैंड में पोलो खेलते समय हुआ हादसा, दिल का दौरा पड़ा
12 जून को इंग्लैंड में एक पोलो मैच के दौरान मशहूर बिजनेसमैन और करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर का अचानक निधन हो गया। वह मैदान में खेल रहे थे, तभी उनके मुंह में एक मक्खी चली गई जिससे उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी। गला चोक होने के बाद उन्हें हार्ट अटैक आया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मौत से पहले बोले सिर्फ 5 शब्द – “मैंने कुछ निगल लिया है”
एक रिपोर्ट के अनुसार, जब संजय कपूर की तबीयत अचानक बिगड़ी, तो उन्होंने अपने पास खड़े लोगों से कहा, “I’ve swallowed something” यानी “मैंने कुछ निगल लिया है”। यही उनके आखिरी शब्द माने जा रहे हैं। इस वाकये की पुष्टि इंग्लैंड में मौजूद कुछ चश्मदीदों ने की है।

मौत से पहले शेयर किया था गहरा संदेश
मौत से सिर्फ तीन दिन पहले संजय कपूर ने एक सोशल मीडिया पोस्ट किया था, जिसमें लिखा था – “धरती पर आपका समय सीमित है”। अब यह पोस्ट लोगों को बेहद भावुक कर रहा है और सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। लोगों का मानना है कि जैसे संजय को अपने अंत का आभास हो गया था।
दोस्त सुहेल सेठ ने की पुष्टि, अंतिम संस्कार में हो सकती है देरी
संजय कपूर के करीबी दोस्त और व्यवसायिक सहयोगी सुहेल सेठ ने उनकी मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पोलो खेलते समय एक मक्खी संजय के गले में चली गई, जिससे उन्हें दम घुटने जैसी स्थिति हुई और हार्ट अटैक आया।
संजय अमेरिकी नागरिक थे और उनकी मौत यूके में हुई, इसलिए उनके शव को भारत लाने में कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी। इस कारण अंतिम संस्कार में देरी हो सकती है। परिवार ने बताया है कि अंतिम संस्कार दिल्ली में किया जाएगा।
निजी जिंदगी में भी उतार-चढ़ाव, करिश्मा थीं दूसरी पत्नी
संजय कपूर की निजी जिंदगी भी चर्चा में रही। उन्होंने तीन शादियां की थीं। पहली शादी डिज़ाइनर नंदिता महतानी से हुई थी। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर से शादी की, लेकिन यह रिश्ता ज्यादा समय नहीं चला। साल 2017 में उन्होंने अपनी दोस्त प्रिया सचदेव से तीसरी शादी की थी। प्रिया पहले से शादीशुदा थीं और उनकी एक बेटी थी, जिसे संजय ने अपनाया था।
