पुणे जिले के मावल तालुका में रविवार को दोपहर के समय बड़ा हादसा हो गया, जब इंद्रायणी नदी पर बना एक पुराना पुल अचानक गिर गया।
हादसे के वक्त पुल पर मौजूद थे कई सैलानी
पुणे जिले के मावल तालुका में रविवार को दोपहर के समय बड़ा हादसा हो गया, जब इंद्रायणी नदी पर बना एक पुराना पुल अचानक गिर गया। यह घटना तालेगांव दाभाड़े के कुंदमाला गांव के पास हुई, जहां रविवार की छुट्टी के चलते बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त पुल पर 100 से ज्यादा लोग मौजूद थे। अचानक पुल ढहने से करीब 25 से 30 लोगों के नदी में बहने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने तुरंत शुरू किया बचाव
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बिना देर किए राहत कार्य शुरू किया। गांव के कुछ लोगों ने लगभग 20 से 25 सैलानियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन अभी भी कुछ लोग लापता हैं और कुछ के फंसे होने की आशंका है। स्थानीय निवासी रघुवीर शेलार ने बताया कि हादसा बहुत तेजी से हुआ और किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। प्रशासन ने हाइड्रा क्रेन और अन्य उपकरण मौके पर मंगाए हैं ताकि फंसे हुए लोगों को निकाला जा सके।
एनडीआरएफ की टीम ने संभाला मोर्चा
जैसे ही हादसे की सूचना मिली, प्रशासन और पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। इसके साथ ही एनडीआरएफ (NDRF) की दो टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गई हैं और लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं। नदी में बहने वालों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी है। अब तक कई घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कुल कितने लोग पानी में बह गए हैं।

भारी बारिश और जर्जर पुल बना हादसे की वजह
मावल क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है। इस कारण इंद्रायणी नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। माना जा रहा है कि इसी कारण पुल की नींव कमजोर हो गई और वह ढह गया। पुल की हालत पहले से ही खराब थी, लेकिन किसी तरह का मेंटेनेंस नहीं किया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पुल काफी पुराना था और बारिश के मौसम में इस पर आवाजाही खतरनाक हो सकती थी।
सुप्रिया सुले ने जताया दुख, लोगों से की सतर्क रहने की अपील
इस दर्दनाक घटना पर एनसीपी (एसपी) की सांसद सुप्रिया सुले ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि यह बेहद दुखद घटना है और वह सभी की कुशलता के लिए प्रार्थना करती हैं। साथ ही उन्होंने पुणे के जिलाधिकारी से बात कर राहत कार्य में तेजी लाने की अपील की है। सुले ने नागरिकों से यह भी कहा कि मानसून के दौरान किसी भी पर्यटन स्थल पर जाने से पहले मौसम और सुरक्षा को लेकर पूरी सतर्कता बरतें।
फिलहाल, राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है और प्रशासन हालात पर कड़ी नजर रखे हुए है। नदी में बह गए लोगों को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
