20 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 67वां जन्मदिन था। इस मौके पर वह उत्तराखंड के तीन दिवसीय दौरे पर थीं
जन्मदिन पर देहरादून में खास समारोह में हुईं शामिल
20 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 67वां जन्मदिन था। इस मौके पर वह उत्तराखंड के तीन दिवसीय दौरे पर थीं और देहरादून स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर द इम्पावरमेंट ऑफ पर्सन्स विद विजुअल डिसेबिलिटीज़ (NIEPVD) में आयोजित एक खास समारोह में भाग लेने पहुंचीं। इस कार्यक्रम में बच्चों ने उन्हें खास अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी।
छात्रों ने गाया ‘तारे ज़मीन पर‘ का गाना, राष्ट्रपति हुईं भावुक
समारोह के दौरान जब NIEPVD के नेत्रहीन छात्रों ने आमिर खान की फिल्म ‘तारे ज़मीन पर’ का गाना गाया, तो माहौल पूरी तरह भावनात्मक हो गया। बच्चों की आवाज़ और भावना से भरे इस प्रस्तुति को सुनकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू खुद को संभाल नहीं पाईं और उनकी आंखों में आंसू छलक आए। वहां मौजूद लोगों ने भी इस पल को बेहद खास और भावुक बताया।

सुरक्षाकर्मी ने बढ़ाया रूमाल, मंच पर साफ किया आंसू
जैसे ही बच्चों की प्रस्तुति समाप्त हुई और उन्होंने राष्ट्रपति को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं, राष्ट्रपति मुर्मू की आंखें नम हो गईं। एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि राष्ट्रपति अपनी भावनाओं को छिपा नहीं सकीं। तभी उनके पास खड़े एक सुरक्षाकर्मी ने उन्हें रूमाल थमाया, जिससे उन्होंने अपने आंसू पोंछे। यह दृश्य सभी को भावुक कर गया।
पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं
राष्ट्रपति के 67वें जन्मदिन पर देशभर से शुभकामनाओं का तांता लग गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर उन्हें बधाई दी और कहा कि उनका जीवन और नेतृत्व करोड़ों लोगों को प्रेरित करता है। उन्होंने लिखा, “जनसेवा, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता सभी के लिए आशा और शक्ति की किरण है।” इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।
