कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को रविवार देर रात दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें पेट से जुड़ी समस्या के चलते अस्पताल लाया गया
पेट की दिक्कत के बाद सोनिया गांधी को गंगा राम अस्पताल में कराया गया भर्ती
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को रविवार देर रात दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें पेट से जुड़ी समस्या के चलते अस्पताल लाया गया, जहां फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। 78 वर्षीय सोनिया गांधी को सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग में निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए है।
डॉक्टरों का बयान – स्थिति नियंत्रण में, घबराने की जरूरत नहीं
अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने बताया कि सोनिया गांधी को रविवार रात करीब 9 बजे भर्ती किया गया। उन्हें पेट की तकलीफ थी, जिस वजह से उन्हें तुरंत इलाज की जरूरत पड़ी। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी तबीयत अब स्थिर है और इलाज पर अच्छा असर हो रहा है। अस्पताल ने यह भी कहा कि उनकी स्थिति को लेकर किसी तरह की घबराहट की जरूरत नहीं है।
एक महीने में दूसरी बार अस्पताल में भर्ती हुईं सोनिया गांधी
यह इस महीने में सोनिया गांधी की दूसरी बार अस्पताल में भर्ती होने की घटना है। इससे पहले 7 जून को शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज में उनकी एमआरआई जांच हुई थी। उस समय उन्हें बेचैनी महसूस हो रही थी और ब्लड प्रेशर थोड़ा बढ़ा हुआ था। हालांकि डॉक्टरों ने बताया था कि स्थिति सामान्य है और चिंता की कोई बात नहीं है।
राजनीतिक हलकों में चिंता, नेताओं ने जताई शुभकामनाएं
सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ने की खबर आने के बाद राजनीतिक हलकों में चिंता का माहौल है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रधान सलाहकार नरेश चौहान ने जानकारी दी कि 7 जून की जांच एक नियमित प्रक्रिया थी और अब भी स्थिति नियंत्रण में है। जैसे ही सीएम सुक्खू को उनकी तबीयत के बारे में पता चला, उन्होंने अपनी ऊना यात्रा बीच में छोड़ दी और शिमला लौट आए। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया के जरिए सोनिया गांधी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

पहले भी कई बार हुईं हैं स्वास्थ्य जांच के लिए विदेश यात्राएं
सोनिया गांधी पहले भी कई बार स्वास्थ्य कारणों से अस्पताल में भर्ती हो चुकी हैं। फरवरी 2024 में भी उन्हें गंगा राम अस्पताल में पेट की तकलीफ के चलते भर्ती किया गया था। इसके अलावा सितंबर 2022 में वह अमेरिका भी गई थीं, जहां उनका मेडिकल चेकअप हुआ था। उस समय उनके साथ उनके बेटे राहुल गांधी भी मौजूद थे। इसी वजह से उन्हें संसद के मानसून सत्र में हिस्सा नहीं ले पाने पड़ा था।
