क्या अब सलमान खान बनेंगे 'करोड़पति' के नए होस्ट? KBC से अमिताभ बच्चन की छुट्टी!
सलमान खान के साथ ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की बातचीत शुरू
मुंबई: टीवी का सबसे पॉपुलर क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) जल्द ही एक बड़ा बदलाव देख सकता है। अमिताभ बच्चन, जो इस शो का चेहरा बने हुए हैं, शायद अब इसे अलविदा कहने वाले हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो उनकी जगह अब सलमान खान इस शो को होस्ट कर सकते हैं।
25 साल से KBC का हिस्सा हैं बिग बी
‘कौन बनेगा करोड़पति’ की शुरुआत साल 2000 में हुई थी और तब से ही अमिताभ बच्चन ने इसे होस्ट किया है। केवल एक बार शाहरुख खान ने शो को होस्ट किया था, लेकिन फिर से बिग बी की वापसी हुई और वो तब से अब तक शो से जुड़े हुए हैं। लेकिन अब खबर है कि अमिताभ बच्चन निजी कारणों से KBC को छोड़ना चाहते हैं।

सलमान खान को ऑफर?
बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के मुताबिक, शो के मेकर्स अब सलमान खान को होस्टिंग के लिए अप्रोच कर रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, “सलमान छोटे पर्दे के किंग हैं। वो लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हैं और मेकर्स मानते हैं कि वो KBC को अच्छी तरह संभाल सकते हैं।”
बताया जा रहा है कि मेकर्स और सलमान के बीच पैसों को लेकर बातचीत चल रही है। अगर सब कुछ सही रहा तो सलमान खान ही शो के अगले होस्ट होंगे। हालांकि, अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
‘बिग बॉस 19’ को लेकर भी चर्चा
इसी बीच सलमान खान के एक और पॉपुलर शो ‘बिग बॉस’ को लेकर भी नई अपडेट सामने आई है। पिंकविला की रिपोर्ट के अनुसार, सलमान जून महीने में शो का प्रोमो शूट करेंगे और जुलाई से ‘बिग बॉस 19’ ऑन एयर होगा।
कुछ समय पहले खबर आई थी कि ‘बिग बॉस’ को प्रोड्यूस करने वाली कंपनी बनिजय एशिया (Endemol Shine India) अब इससे हट गई है। लेकिन अब एक नई कंपनी एंडेमोलशाइन इंडिया इस शो को प्रोड्यूस करेगी।
पहले ऐसा लग रहा था कि शायद ‘बिग बॉस 19’ नहीं आएगा, लेकिन अब यह साफ हो गया है कि शो जुलाई से टीवी पर दिखाया जाएगा और सलमान खान फिर से इसे होस्ट करते नजर आएंगे।
फैसले पर टिकी सबकी नजरें
अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या सलमान खान वाकई में KBC का नया चेहरा बनेंगे और क्या अमिताभ बच्चन इस शो से विदा लेंगे। फिलहाल दर्शक किसी भी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार कर रहे हैं।
