भारत-पाकिस्तान में टकराव के बाद सीजफायर लागू, ट्रंप बोले- दोनों देशों ने दिखाया समझदारी
पाक डीजीएमओ ने भारत से मांगा सीजफायर
भारत और पाकिस्तान के बीच कई दिनों से चल रहे सैन्य तनाव के बाद शनिवार शाम 5 बजे से दोनों देशों में पूर्ण संघर्षविराम (सीजफायर) लागू कर दिया गया। पाकिस्तान की ओर से यह पहल की गई। पाकिस्तानी सेना के डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशंस (DGMO) ने भारत के डीजीएमओ को फोन करके सीजफायर की गुहार लगाई। भारत की कड़ी जवाबी कार्रवाई के बाद पाकिस्तान पीछे हटने पर मजबूर हो गया।
दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों के बीच बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया कि शाम 5 बजे से फुल सीजफायर लागू किया जाएगा। इसका मतलब है कि अब दोनों देशों की सेनाएं सीमावर्ती इलाकों में कोई सैन्य कार्रवाई नहीं करेंगी।
अमेरिका की मध्यस्थता से बनी बात, ट्रंप का दावा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस संघर्षविराम पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि भारत और पाकिस्तान ने “समझदारी और बुद्धिमानी” का परिचय दिया है। ट्रंप ने दावा किया कि यह सीजफायर अमेरिका की मध्यस्थता से हुई बातचीत के बाद संभव हो सका है।
ट्रंप ने यह भी बताया कि अमेरिका, ब्रिटेन और खाड़ी देशों की कूटनीतिक कोशिशों से यह बातचीत देर रात हुई, जिसमें दोनों देशों ने तुरंत संघर्ष रोकने पर सहमति जताई।

भारत ने पाकिस्तान को दी सख्त चेतावनी
भारत ने साफ शब्दों में पाकिस्तान को चेताया है कि अब किसी भी आतंकी हमले को सीधे युद्ध की कार्रवाई माना जाएगा। इसका मतलब यह है कि भविष्य में कोई भी आतंकी घटना हुई, तो भारत की तरफ से सैन्य जवाब उसी गंभीरता से दिया जाएगा, जैसा कि युद्ध में दिया जाता है।
शनिवार दोपहर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी उच्चस्तरीय बैठक की, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, सेना प्रमुख और अन्य शीर्ष अधिकारी मौजूद थे। इससे पहले भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने पाकिस्तान की हरकतों को “उकसाने वाली और बेहद खतरनाक” बताया।
हमलों और जवाबी कार्रवाई की पृष्ठभूमि
पिछले दो दिनों में पाकिस्तान ने भारत के कई बॉर्डर जिलों पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए थे। शुक्रवार रात और शनिवार सुबह इन हमलों को भारत की एयर डिफेंस ने रोक दिया। शनिवार सुबह पाकिस्तान एयरफोर्स के फाइटर जेट्स ने श्रीनगर पर हमला करने की कोशिश की, जिसका भारतीय सेना ने तुरंत जवाब दिया।
भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान के चार एयरबेस पर हवाई हमले किए। इसके बाद पाकिस्तान में खलबली मच गई। हालांकि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने कहा कि परमाणु हथियारों को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है, लेकिन वह विकल्प उनके पास मौजूद है।
यह संघर्षविराम दोनों देशों के लिए एक राहत का संकेत है, लेकिन स्थिति अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हुई है। भविष्य की स्थिरता इस बात पर निर्भर करेगी कि आतंकवाद पर पाकिस्तान क्या रुख अपनाता है।
