चलते-चलते चार्ज होगी ई-स्कूटी, मोबाइल से होगा कंट्रोल
राइड एशिया EV एक्सपो में एक ऐसी इलेक्ट्रिक स्कूटी पेश की गई जो चलते वक्त ही चार्ज हो जाती है। इसे मोबाइल से स्टार्ट और बंद भी किया जा सकता है। इसमें ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम है जिससे स्कूटी फिसलती नहीं। चढ़ाई पर रुकने पर ये पीछे नहीं जाती। इसमें रिवर्स गियर, इंटेलिजेंट ब्रेकिंग, सोलर चार्जिंग और दुर्घटना वाले स्थान पर अलार्म जैसे खास फीचर्स भी हैं। इसकी कीमत केवल 33,000 रुपये बताई गई है।
हाइड्रोजन से चलने वाली साइकिल बनी आकर्षण का केंद्र
यह साइकिल दिखने में तो आम है, लेकिन चलती है हाइड्रोजन फ्यूल सेल से। हाइड्रोजन और ऑक्सीजन की रासायनिक प्रक्रिया से बिजली बनती है, जिससे मोटर चलती है और साइकिल दौड़ती है। खास बात यह है कि इससे सिर्फ पानी निकलता है, कोई प्रदूषण नहीं।
दिव्यांगों के लिए बिना लाइसेंस वाली खास बाइक
एक्सपो में दिव्यांगों के लिए खास ई-बाइक भी दिखी जिसे चलाने के लिए लाइसेंस की जरूरत नहीं है। यह 40–45 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकती है और इसमें तीन टायर हैं जो संतुलन बनाए रखते हैं। इसकी कीमत 55,000 रुपये है।
बैटरी, चार्जर और सेफ्टी किट्स की भी भरमार
यहां लीथियम बैटरी, बाइक चार्जर और राइडर सेफ्टी किट्स जैसे कई प्रोडक्ट्स कम कीमत में उपलब्ध हैं। बच्चों के लिए भी कई तरह की इलेक्ट्रिक और सामान्य साइकिल मौजूद हैं।
दिल्ली 2027 तक बनेगी 100% इलेक्ट्रिक वाहन वाला शहर
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि 2027 तक दिल्ली की परिवहन व्यवस्था पूरी तरह ईवी पर आधारित होगी। सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए सब्सिडी और पूरी मदद देगी। उन्होंने निवेशकों से EV चार्जिंग स्टेशन बनाने में सहयोग की अपील की।
