शनि शिंगणापुर मंदिर में मुस्लिम कर्मचारियों की नियुक्ति पर बवाल, हटाने की उठी मांग
114 मुस्लिम कर्मचारियों को हटाने की मांग तेज
महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में स्थित प्रसिद्ध शनि शिंगणापुर मंदिर में इन दिनों बड़ा विवाद सामने आया है। मंदिर ट्रस्ट में काम कर रहे 114 मुस्लिम कर्मचारियों को हटाने की मांग को लेकर हिंदू संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है। इन संगठनों का कहना है कि मुस्लिम लोग मांसाहारी होते हैं और उनका मंदिर जैसे धार्मिक स्थानों पर काम करना अनुचित है।
संगठनों ने चेतावनी दी है कि अगर इन कर्मचारियों को 14 जून तक हटाया नहीं गया तो ‘सकल हिंदू समाज’ मंदिर के बाहर विराट मोर्चा निकालेगा। यह मामला अब स्थानीय नहीं रहा, बल्कि राज्य और देशभर में चर्चा का विषय बन गया है।

मंदिर निर्माण कार्य में मुस्लिमों की भागीदारी से हुआ था विवाद
दरअसल कुछ समय पहले मंदिर के चबूतरे का निर्माण कार्य चल रहा था, जिसमें मुस्लिम मजदूर काम कर रहे थे। यह देखकर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और इसका विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि मंदिर ट्रस्ट मुस्लिम कर्मचारियों को जानबूझकर मंदिर के भीतर और आसपास काम दे रहा है।
इस विवाद ने धीरे-धीरे तूल पकड़ लिया और अब मांग की जा रही है कि मंदिर परिसर में किसी भी मुस्लिम को काम न दिया जाए, चाहे वह सफाईकर्मी हो, सुरक्षा गार्ड हो या फिर निर्माण कार्य से जुड़ा कर्मचारी।
आंदोलन की चेतावनी, प्रशासन की चिंता बढ़ी
‘सकल हिंदू समाज’ नामक संगठन ने ट्रस्ट को 14 जून तक का समय दिया है और कहा है कि अगर तब तक सभी मुस्लिम कर्मचारियों को नहीं हटाया गया, तो मंदिर परिसर के बाहर एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
प्रशासन अब इस विवाद को सुलझाने की कोशिश कर रहा है ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े। मंदिर ट्रस्ट ने अभी तक इस पर कोई औपचारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार वे समाधान का रास्ता तलाश रहे हैं ताकि मामला और न बढ़े।
