गेमिंग एप पर प्रॉफिट का लालच देकर टीचर को फंसाया
बिहार के कटिहार जिले में एक महिला शिक्षक के साथ 24 लाख रुपये की बड़ी साइबर ठगी का मामला सामने आया है। महिला को एक गेमिंग एप के जरिए अधिक मुनाफा कमाने का झांसा दिया गया। ठगों ने महिला को भरोसे में लेकर बैंक से पैसे ट्रांसफर करवा लिए। जब ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने तुरंत साइबर थाना में शिकायत दर्ज करवाई।
साइबर ठगी में शामिल आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई
इस मामले की जांच में जुटी कटिहार साइबर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर गैंग के एक सदस्य को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पूर्णिया जिले के बारहरा कोठी निवासी विनोद कुमार के रूप में हुई है। वह एक ग्राहक सेवा केंद्र (सीएससी) चलाता है, लेकिन इसके साथ-साथ साइबर ठगी का भी नेटवर्क संभाल रहा था। पुलिस के अनुसार विनोद पिछले कुछ महीनों से गैंग बनाकर लोगों के बैंक खातों से पैसे उड़ा रहा था।

आरोपी के अकाउंट से मिला 1.5 करोड़ का लेन-देन
कटिहार साइबर डीएसपी वसीम फिरोज ने बताया कि आरोपी विनोद कुमार के बैंक खाते से सिर्फ एक महीने में करीब डेढ़ करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ है। महिला टीचर के खाते से निकाले गए 24 लाख में से करीब 5 लाख रुपये अभी भी उसी खाते में मौजूद हैं, जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस रकम को बरामद कर लिया जाएगा। इसके अलावा साइबर पुलिस बाकी गैंग के सदस्यों की तलाश में भी जुटी हुई है।
पुलिस ने लोगों को किया अलर्ट, गेमिंग एप से रहें सावधान
साइबर डीएसपी ने इस ठगी के खुलासे के बाद लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि किसी भी अंजान गेमिंग एप या लिंक पर क्लिक करने से पहले सोचें और सावधानी बरतें। खासकर जब एप में ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच दिया जा रहा हो, तो सतर्क रहना जरूरी है। साथ ही अपने बैंक खाते को किसी भी एप से ऑटो डेबिट मोड पर न रखें। एक छोटी सी गलती बड़ी ठगी में बदल सकती है।
फिलहाल पुलिस इस मामले में गिरफ्तार हुए आरोपी से पूछताछ कर रही है और जल्द ही पूरे साइबर गिरोह को पकड़ने का दावा कर रही है। यह मामला लोगों के लिए एक बड़ी चेतावनी है कि ऑनलाइन दुनिया में थोड़ा भी लालच भारी पड़ सकता है।
