नई दिल्ली में होने वाली 2025 वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए 100 दिन शेष रहने के अवसर पर आज एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।
रेखा गुप्ता और कंगना रनौत पहुंचीं शुभारंभ समारोह में
नई दिल्ली में होने वाली 2025 वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए 100 दिन शेष रहने के अवसर पर आज एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन में कई प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया, जिनमें दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और ब्रांड एंबेसडर कंगना रनौत भी शामिल रहीं।
दिल्ली के लिए गर्व का क्षण: आशीष सूद
दिल्ली के शिक्षा और खेल मंत्री श्री आशीष सूद ने इस मौके पर कहा कि यह चैंपियनशिप हमारे पैरा एथलीट्स की प्रतिभा, मेहनत और हौसले का उत्सव है। दिल्ली को इस आयोजन की मेज़बानी करते हुए गर्व हो रहा है।
मास्कॉट का अनावरण बना समारोह की खास बात
कार्यक्रम में चैंपियनशिप के आधिकारिक शुभंकर (मास्कॉट) का भी अनावरण किया गया। यह शुभंकर साहस, एकता और पैरा खिलाड़ियों की अटूट भावना का प्रतीक है।
पारुल सिंह ने दिया समावेशी आयोजन का भरोसा
दिल्ली पैरा ओलंपिक समिति की अध्यक्ष श्रीमती पारुल सिंह ने कहा कि यह सिर्फ एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि देश के पैरा एथलीट्स की मेहनत और सफलता का उत्सव है। उन्होंने कहा कि आयोजन को पूरी तरह समावेशी और यादगार बनाने की दिशा में हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
ब्रांड एंबेसडर कंगना रनौत का समर्थन
इस वर्ष की चैंपियनशिप की ब्रांड एंबेसडर कंगना रनौत ने भी एथलीट्स की प्रशंसा की और कहा कि पैरा खेलों से जुड़ना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों के जोश और संघर्ष को सलाम किया।
देश का सबसे बड़ा पैरा खेल आयोजन
27 सितंबर से 5 अक्टूबर 2025 तक दिल्ली में होने वाली यह चैंपियनशिप अब तक का भारत में आयोजित सबसे बड़ा पैरा खेल आयोजन होगा। इस ऐतिहासिक आयोजन में देश-विदेश के एथलीट्स हिस्सा लेंगे।
कई प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी
कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष वनाठी श्रीनिवासन, इंडियन ऑयल की निदेशक रश्मि गोविंद, राष्ट्रीय पैरा ओलंपिक समिति के संरक्षक और कई विधायक भी शामिल हुए। इसके साथ ही बड़ी संख्या में सरकारी अधिकारी, पैरा खिलाड़ी और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
