तीन दिन की चुप्पी के बाद तेज प्रताप ने सोशल मीडिया पर तोड़ी चुप्पी
नई दिल्ली: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को हाल ही में पार्टी और परिवार से बाहर कर दिया गया था। इस फैसले के बाद तेज प्रताप ने तीन दिन तक कोई बयान नहीं दिया। लेकिन अब उन्होंने पहली बार सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव और उनकी पत्नी राजश्री यादव को दूसरी बार माता-पिता बनने की बधाई दी है।
तेज प्रताप यादव ने एक पोस्ट में लिखा, “श्री बांके बिहारी जी की कृपा से नवजात शिशु के आगमन पर मुझे बड़े पापा बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। छोटे भाई तेजस्वी प्रसाद यादव एवं राजश्री यादव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। भतीजे को मेरा स्नेहिल आशीर्वाद एवं शुभ प्यार।”
इस पोस्ट के जरिए तेज प्रताप ने यह साफ कर दिया कि भले ही उन्हें परिवार और पार्टी से अलग कर दिया गया हो, लेकिन उनका लगाव अपने भाई और परिवार से अभी भी बना हुआ है।
वायरल पोस्ट से मचा बवाल
इससे पहले तेज प्रताप यादव के फेसबुक अकाउंट से एक विवादित पोस्ट वायरल हुआ था। इस पोस्ट में वे एक महिला के साथ दिख रहे थे और लिखा था कि वह पिछले 12 सालों से उस महिला को जानते हैं और प्यार करते हैं। पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि वे दोनों रिलेशनशिप में हैं और यह बात वे लंबे समय से सबको बताना चाहते थे।
इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर हलचल मच गई। सियासी गलियारों से लेकर आम लोगों तक इस पोस्ट की चर्चा होने लगी। पोस्ट को थोड़ी देर बाद उनके अकाउंट से डिलीट कर दिया गया, लेकिन तब तक यह वायरल हो चुका था।
तेज प्रताप ने दी सफाई, कहा अकाउंट हैक हुआ था
विवाद बढ़ने के बाद तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर सफाई दी। उन्होंने एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा कि उनका सोशल मीडिया अकाउंट हैक हो गया था और उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ की गई है। उनका कहना है, “मेरा सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर लिया गया था और मेरी तस्वीरों को गलत तरीके से एडिट करके मुझे और मेरे परिवार को बदनाम करने की साजिश रची गई। मैं अपने सभी समर्थकों और फॉलोवर्स से अनुरोध करता हूं कि वे सतर्क रहें और किसी भी तरह की अफवाहों पर भरोसा न करें।”
तेज प्रताप के इस सफाई भरे बयान के बाद भी सोशल मीडिया पर बहस जारी है। राजनीतिक विश्लेषक इसे लालू परिवार के अंदरूनी झगड़े और असहमति का संकेत मान रहे हैं।
