कश्मीर में बढ़ा सर्च ऑपरेशन, आतंकियों की गतिविधियों पर ड्रोन से निगरानी
पहलगाम आतंकी हमले के बाद दक्षिण कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियों ने सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। सेना, पुलिस और एसओजी की टीमें अनंतनाग, कुलगाम, पुलवामा, त्राल, सोपोर, बारामुल्ला, कुपवाड़ा और बांदीपोरा में ड्रोन और वीडियो निगरानी के जरिए आतंकियों की तलाश में जुटी हैं।
पुंछ में आतंकी ठिकाना उजाड़ा, भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद
सुरनकोट तहसील के मरहोट इलाके में रविवार देर रात सुरक्षा बलों ने संयुक्त ऑपरेशन में एक आतंकी ठिकाने को ध्वस्त किया। यहां से 5 आईईडी, एक वायरलेस सेट और कपड़े बरामद किए गए हैं। खुफिया एजेंसियां अब इस ठिकाने की आतंकी संगठन से कड़ी जांच कर रही हैं।
एलओसी पर 11वें दिन भी पाकिस्तानी फायरिंग, सेना ने दिया करारा जवाब
पाकिस्तान ने 4-5 मई की रात को भी बिना किसी उकसावे के नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी की। कुपवाड़ा, बारामुल्ला, पुंछ, राजौरी, मेंढर, नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर सेक्टरों में छोटे हथियारों से हमला किया गया, जिसका भारतीय सेना ने तुरंत और सटीक जवाब दिया।
भारत सरकार की सख्त कार्रवाई, पाक से सभी द्विपक्षीय संपर्क बंद
पाकिस्तान की लगातार उकसावे वाली कार्रवाइयों के बाद भारत सरकार ने कड़े कदम उठाए हैं। इसमें पाक नागरिकों की वापसी, अटारी-वाघा सीमा बंद करना, सिंधु जल संधि को रोकना, पाकिस्तानी विमानों के लिए एयरस्पेस बंद करना, और व्यापार व सांस्कृतिक आदान-प्रदान को निलंबित करना शामिल है।
